जनता ने सबका साथ- सबका विकास जैसी स्पष्ट नीतियों में किया विश्वास व्यक्त – मनोहर लाल
नई दिल्ली (ख.स.) हरियाणा में जींद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी के निर्वाचित होने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि जनता ने हरियाणा प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार की समानता के आधार पर सब वर्गों का कल्याण व सब क्षेत्रों का विकास करने की जन कल्याणकारी नीतियों मे अटूट विश्वास व्यक्त किया है।
नई दिल्ली में हरियाणा भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा प्रदेश की सरकार प्रारंभ से ही निरंतर रूप से ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ की मूल नीति पर निर्बाध रूप से अग्रसर हो रही है। जींद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी के निर्वाचित होने से स्पष्ट हो चुका है कि जनता ने पारदर्शी शासन प्रणाली ,भ्रष्टाचार मुक्त परिवेश तथा सबका साथ- सबका विकास जैसी स्पष्ट नीतियों में विश्वास व्यक्त किया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिला जनादेश निकट भविष्य में होने जा रहे लोकसभा व विधानसभा चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी की नीतियों में जनता का विश्वास व्यक्त होने की ओर स्पष्ट संकेत है।
0 टिप्पणियाँ